सोमवार, 12 मार्च, 2007 को 05:12 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के वकीलों ने मुख्य न्यायाधीश इफ़्तिख़ार चौधरी के निलंबन के विरोध में सोमवार और मंगलवार को अदालतों के बहिष्कार की घोषणा की है.
ग़ौरतलब है कि पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने मुख्य न्यायाधीश इफ़्तिख़ार चौधरी को निलंबित कर दिया था और सर्वोच्च न्यायिक परिषद को उनके ख़िलाफ़ लगे आरोपों की जाँच करने को कहा था.
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अली दुर्रानी ने रविवार को कहा कि राष्ट्रपति मुशर्रफ़ ने उनके ख़िलाफ़ आई शिकायतों के बाद यह क़दम उठाया.
हालांकि उन्होंने उन शिकायतों के बारे में नहीं बताया. लेकिन इसके पहले उन्होंने कहा था कि मुख्य न्यायाधीश पर अधिकारों के दुरुपयोग से संबंधित आरोप हैं.
इफ़्तिख़ार चौधरी सन् 2005 से देश के मुख्य न्यायधीश रहे हैं.
जब तक चौधरी पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश के पद पर रहे, तब तक उनकी छवि सरकार के विरुद्ध लगे आरोपों और मानवाधिकार के कथित हनन पर कड़ा रुख़ अपनाने की रही.
उनके आचार से संबंधित कई पहलुओं पर भी उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा है.
पाकिस्तान की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार राष्ट्रपति मुशर्रफ़ को चौधरी के ख़िलाफ़ आचरण संबंधित, पद के दुरुपयोग से जुड़ी और ऐसी कार्रवाई की शिकायतें मिली थीं जो पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश के पद की गरिमा पर असर डालती हैं.
चौधरी को राष्ट्रपति मुशर्रफ़ और प्रधानमंत्री शौकत अज़ीज़ के समक्ष बुलाया गया और फिर उनका मामला सर्वोच्च न्यायिक परिषद के सुपुर्द कर दिया गया.