सोमवार, 12 मार्च, 2007 को 18:18 GMT तक के समाचार
उत्तराखंड राज्य के रुद्रप्रयाग शहर के पास एक बाराती बस के खाई में गिर जाने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है और 15 घायल हुए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना ख़राब मौसम की वजह से बस के फिसल जाने से हुई.
घायलों को रुद्रप्रयाग के ज़िला अस्पताल ले जाया गया है.
पूरे उत्तर भारत में पिछले तीन दिनों से मौसम ख़राब है.
उत्तराखंड में भी दो दिनों से बारिश हो रही है और कई जगह बर्फ़बारी हुई है.
देहरादून से शालिनी जोशी ने अधिकारियों के हवाले से ख़बर दी है कि ख़राब मौसम की वजह से ही बचाव कार्य में भी भारी बाधा आ रही है और देर रात तक लोगों को बस से निकाले जाने का काम चलता रहा.
दुर्घटना रुद्रप्रयाग से 17-18 किलोमीटर दूर तिलवाड़ा में शाम को क़रीब साढ़े पाँच बजे हुई है.
उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों में ख़राब मौसम में अक्सर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं.