http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 09 मार्च, 2007 को 07:40 GMT तक के समाचार

ख़ालिदा के बेटे को हिरासत में भेजा गया

बांग्लादेश की एक अदालत ने पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया के बेटे तारिक़ रहमान को चार दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है.

सुरक्षाबलों ने उन्हें भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ अभियान के तहत गुरुवार को गिरफ़्तार किया था.

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार तारिक़ रहमान ने पत्रकारों से कहा,'' मैं घरेलू और अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र का शिकार हुआ हूँ.''

उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच बुलेट प्रूफ जैकेट और हेलमेट में अदालत में पेश किया गया.

बचाव पक्ष का कहना है कि तारिक़ रहमान पर एक करोड़ टका लेने का आरोप लगाया गया है.

वो बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें अपनी माँ और पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया का उत्तराधिकारी माना जाता है.

अभियान

ग़ौरतलब है कि बांग्लादेश में अंतरिम सरकार ने चुनावों से पहले भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ अभियान छेड़ा हुआ है.

इस अभियान के तहत अब तक 30 पूर्व मंत्रियों, राजनीतिक सलाहकारों, व्यापारियों और नौकरशाहों को गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया गया है और उनके खाते सील कर दिए गए हैं.

वहाँ 22 जनवरी को मतदान होना था लेकिन भारी हिंसा और धाँधली के आरोपों के बाद उसे स्थगित कर दिया गया था.

बांग्लादेश में 11 जनवरी को आपातकाल घोषित किया गया था, उसके बाद हुई हिंसक घटनाओं में 40 लोगों की मौत हो गई थी.