शुक्रवार, 09 मार्च, 2007 को 13:46 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने देश के मुख्य न्यायाधीश इफ़्तिख़ार चौधरी को निलंबित कर दिया है और सर्वोच्च न्यायिक परिषद को उनके ख़िलाफ़ लगे आरोपों की जाँच करने को कहा है.
वे वर्ष 2005 से देश के मुख्य न्यायधीश रहे हैं और पाकिस्तान के सूचना मंत्री अली दुर्रानी ने इस बारे में विस्तार से नहीं बताया है कि उन्हें निलंबित करने के क्या कारण हैं.
जब तक चौधरी पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश के पद पर रहे, तब तक उनकी छवि सरकार के विरुद्ध लगे आरोपों और मानवाधिकार के कथित हनन पर कड़ा रुख़ अपनाने की रही.
उनके आचार से संबंधित कई पहलुओं पर भी उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा है.
पाकिस्तान की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार राष्ट्रपति मुशर्रफ़ को चौधरी के ख़िलाफ़ आचार संबंधित, पद के दुरुपयोग से जुड़ी और ऐसी कार्रवाई की शिकायतें मिली थीं जो पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश के पद की गरिमा पर असर डालती हैं.
चौधरी को राष्ट्रपति मुशर्रफ़ और प्रधानमंत्री शौकत अज़ीज़ के समक्ष बुलाया गया और फिर उनका मामला सर्वोच्च न्यायिक परिषद के सुपुर्द कर दिया गया.
बीबीसी के सईद शोएब हसन का कहना है कि चौधरी अपने पूरे ही कार्यकाल में विवादों में घिरे रहे हैं.