शुक्रवार, 09 मार्च, 2007 को 13:45 GMT तक के समाचार
श्रीलंका की सेना का कहना है कि तीन दिनों तक चली कार्रवाई के बाद उन्होंने देश के पूर्वोत्तर हिस्से में स्थित तमिल विद्रोहियों के चार अड्डों पर क़ब्ज़ा कर लिया है.
सेना का कहना है कि कार्रवाई में कई लोग हताहत हुए हैं. सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर प्रसाद समरसिंघे ने कहा है कि बचे हुए विद्रोही भाग निकलने में सफल रहे.
इस बीच ख़बर है कि बट्टिकलोवा शहर के निकट जारी लड़ाई को देखते हुए 18 हज़ार लोग वहाँ से चले गए हैं. दिसंबर 2005 से जारी संघर्ष में अभी तक चार हज़ार लोग मारे गए हैं.
हालाँकि सरकार और तमिल विद्रोहियों के बीच आधिकारिक रूप से संघर्षविराम अभी भी जारी है.
कार्रवाई
सैनिक अधिकारियों के मुताबिक़ शुक्रवार तड़के एलटीटीई के तीन ठिकानों पर सेना ने क़ब्ज़ा कर लिया.
सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर समरसिंघे ने कहा कि त्रिंकोमाली के उत्तर में एलटीटीई के कैंप के कारण सैनिक अड्डों के लिए ख़तरा पैदा हो गया था.
इस बीच त्रिंकोमाली से दक्षिण बट्टिकलोवा के निकट सरकारी सेना और तमिल विद्रोहियों के बीच जारी लड़ाई के कारण 18 हज़ार से ज़्यादा लोग इलाक़े से पलायन कर चुके हैं.
सेना इन इलाक़ों से एलटीटीई विद्रोहियों के खदेड़ने की कोशिश कर रही है. हालाँकि एलटीटीई का दावा है कि ताज़ा संघर्ष के दौरान उन्होंने एक सैनिक को मार दिया है.
लेकिन सरकारी सेना का कहना है कि उन्होंने देश के पूर्वी हिस्से में एलटीटीई नियंत्रित बड़े इलाक़ों को अपने नियंत्रण में ले लिया है.