http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 08 मार्च, 2007 को 12:29 GMT तक के समाचार

जानकारी छुपाने की मंशा नहीं: सीबीआई

केंद्रीय जांच ब्यूरो ने क्वात्रोकी मामले में सुप्रीम कोर्ट में हलफ़नामा दायर कर के कहा है कि जानकारी छुपाने की उनकी कोई मंशा नहीं थी.

सीबीआई ने यह भी कहा है कि बोफ़ोर्स मामले के अभियुक्त ओतावियो क्वात्रोकी के प्रत्यर्पण के लिए एजेंसी ने हरसंभव कदम उठाए हैं.

पिछले दिनों अर्जेंन्टीना में क्वात्रोकी को गिरफ़्तार किया गया था लेकिन इसकी सूचना कई दिनों बाद मीडिया को दी गई.

इस जानकारी के बाद अजय अग्रवाल नामक एक व्यक्ति ने सुप्रीम कोर्ट में इस संबंध में याचिका दायर की थी.

इस याचिका पर संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने सीबीआई से जवाब तलब किया था.

सीबीआई ने अपने हलफनामे में यह भी कहा है कि चूंकि भारत और अर्जेंन्टीना के बीच कोई प्रत्यर्णण संधि नहीं है इसलिए सीबीआई क्वात्रोकी की गिरफ्तारी के बारे मे सुप्रीम कोर्ट को जानकारी देने के लिए बाध्य नहीं थी.

हालांकि उन्होंने साफ किया है कि अगर क्वात्रोकी के ख़िलाफ पर्याप्त सबूत हुए तो दोनों देशों के बीच आपसी समझ बनी है कि क्वात्रोकी का प्रत्यर्पण कर दिया जाएगा.

क्वात्रोकी मामला राजनीतिक रुप से बेहद गंभीर माना जाता है और पिछले दिनों क्वात्रोकी की गिरफ्तारी के कई दिनों के बाद भी सीबीआई द्वारा यह यह जानकारी न देना कई सवाल खड़े कर चुका है.

अब सीबीआई की टीम अर्जेन्टीना में है जहां क्वात्रोकी के प्रत्यर्णण के लिए अदालत में लड़ाई लड़ी जा रही है.

वैसे क्वात्रोकी लगातार कहते रहे हैं कि बोफ़ोर्स सौदे में उनका कोई हाथ नहीं है और सीबीआई उन्हें बिना वजह परेशान कर रही है.