http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 08 मार्च, 2007 को 06:45 GMT तक के समाचार

ख़ालिदा ज़िया का बेटा गिरफ़्तार

बांग्लादेश में सुरक्षाबलों ने पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया के बेटे को भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ अभियान के तहत गिरफ़्तार कर लिया है.

तारिक़ रहमान को राजधानी ढाका में हिरासत में लिया गया.

उनके साथ कुछ अन्य राजनेताओं को भी हिरासत में लिया गया.

ग़ौरतलब है कि बांग्लादेश में अंतरिम सरकार ने चुनावों से पहले भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ अभियान छेड़ा हुआ है.

वहाँ 22 जनवरी को मतदान होना था लेकिन भारी हिंसा और धाँधली के आरोपों के बाद उसे स्थगित कर दिया गया था.

बांग्लादेश में 11 जनवरी को आपातकाल घोषित किया गया था, उसके बाद हुई हिंसक घटनाओं में 40 लोगों की मौत हो गई थी.

प्रमुख गिरफ़्तारी

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि तारिक़ रहमान पिछले चार हफ़्तों में गिरफ़्तार किए जानेवाले सबसे प्रमुख राजनीतिज्ञों में से एक हैं.

वो पूर्व प्रधानमंत्री रहीं खालिदा ज़िया के बेटे हैं और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के वरिष्ठ संयुक्त सचिव हैं.

उनके भ्रष्टाचार में शामिल होने की अनेक ख़बरें सामने आईं थीं.

उल्लेखनीय है कि अब तक 30 पूर्व मंत्रियों, राजनीतिक सलाहकारों, व्यापारियों और नौकरशाहों को गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया गया है और उनके खाते सील कर दिए गए हैं.

इसके अलावा बांग्लादेश की एक अन्य पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के घर पर भी छापा मारा गया लेकिन वहाँ से कोई गिरफ़्तारी नहीं हुई.