बुधवार, 07 मार्च, 2007 को 12:16 GMT तक के समाचार
अफ़गानिस्तान से लगी पाकिस्तान की सीमा पर कबीलों और विदेशी चरमपंथियों के बीच हुए संघर्ष में कम से कम पंद्रह लोग मारे गए हैं.
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि दक्षिणी वज़ीरिस्तान के पास वाना शहर में दिन भर गोलियां चलती रहीं.
ऐसा कहा जा रहा है कि एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमले के बाद संघर्ष शुरु हुआ है जिसमें ये लोग मारे गए हैं. मारे गए लोगों में से 12 उज्बेक बताए जाते हैं.
पाकिस्तान सरकार के साथ शांति समझौतों के बाद विदेशियों को लेकर इस क्षेत्र में काफी तनाव है. शांति समझौतों के तहत विदेशी चरमपंथियों को या तो ये इलाक़ा छोड़ देना है या फिर अफ़गानिस्तान सीमा के पास हमले बंद करने हैं.
मंगलवार को हुए हमले के बारे में अभी तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है.
पेशावर से एक सुरक्षा अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि हथियारबंद लोग दारीखेल वज़ीर कबीले के थे.
अधिकारियों के अनुसार कबीले के सैकड़ों लोगों ने विदेशी चरमपंथियों पर गोलियां चलाईं क्योंकि विदेशी चरमपंथियों ने कबीले के एक नेता आज़म वारसाक पर जानलेवा हमला किया था.
अफ़गानिस्तान और पाकिस्तान की सीमा पर लगातार ऐसे संघर्ष होते रहे हैं और 2003 से लेकर अब तक चरमपंथियों के साथ संघर्ष में 700 से अधिक पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो चुकी है.