http://www.bbcchindi.com

खंडूरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

भाजपा नेता भुवनचंद खंडूरी ने गुरुवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

विधानसभा चुनावों के बाद उत्तराखंड के राज्यपाल सुदर्शन अग्रवाल ने भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता भुवनचंद खंडूरी को सरकार बनाने का न्योता दिया था.

राज्यपाल ने खंडूरी को बहुमत साबित करने के लिए 20 मार्च तक का समय दिया है.

हालांकि मुख्यमंत्री की ताजपोशी तक का रास्ता खंडूरी के लिए आसान नहीं रहा क्योंकि भाजपा नेता भगत सिंह कोश्यारी ने भी इस पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की थी.

जानकारों का मानना था कि जहाँ खंडूरी भाजपा आलाकमान की पसंद रहे वहीं कोश्यारी संघ की पहली पसंद थे.

हालांकि बाद में पार्टी की ओर से दो पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए जिन्होंने देहरादून में सभी पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई और इस तरह खंडूरी के नाम पर सहमति बन सकी.

राज्य विधानसभा की 70 सीटों में से 69 पर हुए चुनाव में भाजपा को 34 सीटें मिलीं जो बहुमत से एक कम है.

खंडूरी ने दावा किया है कि वो विधानसभा में बहुमत साबित कर देंगे. हालाँकि भाजपा ने जिन दो निर्दलीय विधायकों के समर्थन का दावा किया था, उन्हें लेकर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं है.

उधर उत्तराखंड क्रांति दल ने भाजपा सरकार को सशर्त समर्थन देने का फ़ैसला किया है. विधानसभा में इस पार्टी के तीन विधायक हैं.