http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 07 मार्च, 2007 को 12:38 GMT तक के समाचार

भारत पाक में साझा तंत्र पर सहमति

भारत और पाकिस्तान आतंकवाद निरोधक साझा तंत्र की बैठक के बाद दोनों पक्षों ने संयुक्त बयान जारी किया है और तय किया है कि इसकी बैठकें हर तीन महीने पर होंगी.

संयुक्त बयान के बारे में भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नवतेज़ सरना ने संवाददाताओं को बताया कि इन बैठकों को हर तीन महीने पर करने का फ़ैसला किया गया है लेकिन ज़रुरी हुआ तो जानकारियों के आदान प्रदान के लिए इन बैठकों का इंतज़ार नहीं किया जाएगा.

सरना ने बताया कि दोनों पक्ष इस बात पर भी राज़ी हुए हैं कि दोनों एक दूसरे को ऐसी सूचनाएं भी दें जिससे चरमपंथी घटनाओं को रोकने में मदद मिले.

यह पूछे जाने पर कि क्या भारत ने अपनी ज़मीन पर होने वाली चरमपंथी गतिविधियों से जुड़े सबूत पाकिस्तान को सौंपे हैं तो उनका कहना था कि सबूत दिए गए हैं लेकिन सबूत क्या और कौन से हैं ये पत्रकारों को नहीं बताया जा सकता.

उनका कहना था कि यह देखना बहुत ज़रुरी होगा कि सबूत देने के बाद क्या प्रगति होती है.

माना जाता है कि इस बैठक के दौरान समझौता एक्सप्रेस में हुए धमाकों से जुड़े कुछ सबूत भारत ने पाकिस्तान को सौंपे हैं.
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान अक्सर ये आरोप लगाता रहा है कि अफ़गानिस्तान में अपने दूतावास के ज़रिए भारत, पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में अलगाववादी गतिविधियों को प्रश्रय देता है.

इस बारे में पूछे जाने पर सरना ने बिल्कुल स्पष्ट कहा कि भारत का बलूचिस्तान में होने वाली घटनाओं में किसी भी तरह का कोई हाथ नहीं है.