मंगलवार, 06 मार्च, 2007 को 06:41 GMT तक के समाचार
बोफ़ोर्स मामले के अभियुक्त ओत्तावियो क्वात्रोकी के प्रत्यर्पण से जुड़े सारे दस्तावेज़ अर्जेंटीना के एक न्यायाधीश के समक्ष रखे गए हैं.
विभिन्न समाचार एजेंसियों के अनुसार सीबीआई ने क्वात्रोकी के प्रत्यर्पण से जुड़े 250 पृष्ठों के दस्तावेज़ अब एल डोराडो की कोर्ट को भेजे हैं.
अर्जेंटीना के क़ानून के तहत न्यायाधीश दस्तावेज़ प्राप्त होने के पंद्रह दिनों के भीतर सुनवाई की अगली तारीख़ रख सकते हैं.
समाचार एजेंसियों के अनुसार क्वात्रोकी के वकील अलेजांद्रो फ्रीलैंड का कहना है कि उन्हें अभी तक सीबीआई द्वारा भेजे गए दस्तावेज़ देखने को नहीं मिले हैं और वो बिना देखे कोई टिप्पणी नहीं कर सकते.
फ्रीलैंड ने यह भी कहा कि हो सकता है कि सीबीआई ने 2004 और 2005 में दिल्ली हाई कोर्ट के फ़ैसलों की प्रति अपने दस्तावेज़ में नहीं दी होगी.
फ्रीलैंड ने दावा किया कि इन फ़ैसलों के अनुसार बोफोर्स मामला झूठ पर आधारित है और ऐसे में सीबीआई क्वात्रोकी को दुनिया भर में परेशान नहीं कर सकती.
उधर सीबीआई ने दिल्ली में कहा है कि उन्होंने अर्जेंटीना में एक वकील की सेवाएं लेने की प्रक्रिया शुरु कर दी है.