रविवार, 04 मार्च, 2007 को 14:26 GMT तक के समाचार
अमरीकी सेना का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान के जलालाबाद शहर के निकट उनके गश्ती दल पर हुए एक हमले के दौरान 16 अफ़ग़ान नागरिक मारे गए हैं और 25 घायल हुए हैं.
लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि अमरीकी सैनिकों ने आम लोगों पर गोलियाँ चलाईं.
अमरीकी सेना के मुताबिक़ उनके गश्ती दल पर आत्मघाती हमला हुआ जिसके बाद भारी गोलीबारी शुरू हो गई और अमरीकी सैनिकों ने भी जवाबी गोलीबारी की.
इस घटना के बाद हज़ारों लोग सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया.
घटना
इस बीच दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में एक अन्य घटना में नैटो के दो सैनिक मारे गए हैं. नैटो ने इस सैनिकों की राष्ट्रीयता के बारे में अभी जानकारी नहीं दी है.
जलालाबाद के निकट आत्मघाती हमले के बारे में अमरीकी सेना का कहना है कि विस्फोटकों से भरी एक मिनी बस उनके काफ़िले से आकर टकराई और उसके बाद कई तरफ़ से गोलीबारी की जाने लगी. हमले में एक अमरीकी सैनिक घायल हुआ है.
काबुल से बीबीसी संवाददाता एलेस्टर लीथेड का कहना है कि स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि अमरीकी सैनिकों ने हमले के बाद स्थानीय लोगों पर गोलीबारी की.
इस घटना के बाद हज़ारों लोगों ने अमरीकी सैनिकों के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया. बीबीसी संवाददाता का कहना है कि हाल के दिनों में अफ़ग़ानिस्तान में आत्मघाती हमले की घटना तेज़ी से बढ़ी है.