शनिवार, 03 मार्च, 2007 को 12:56 GMT तक के समाचार
ब्रिटेन और जर्मनी की सरकारों ने पाकिस्तान की सरकारी विमान सेवा से कहा है कि सुरक्षा कारणों की वजह से वह अपने पुराने विमान इन देशों मे न उड़ाए.
पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन (पीआईए) के इन विमानों के सुरक्षा स्तर पर चिंता जताई गई है.
पाआईए के प्रवक्ता नासिर जमाल का कहना था कि विमानों के पुराने हो जाने के कारण ये निर्देश यूरोपीय संघ के इस बारे में चिंता व्यक्त करने के बाद जारी किए गए हैं.
पीआईए के प्रवक्ता का कहना था कि अब ब्रिटेन और जर्मनी के लिए केवल बोइंग-777 विमान ही उड़ान भरेंगे.
पीआईए के पास लगभग 45 विमान हैं जिसमें बोइंग-777 भी शामिल हैं.
लेकिन पीआईए के अधिकतर विमान बीस साल से ज़्यादा पुराने हैं.
पिछले महीने यूरोपीय संघ के विमानन विभाग में सहमति बनी थी कि पीआईए को यूरोपीय संघ की उस सूची में शामिल किया जाए जिसमें सुरक्षा कारणों से कुछ एयरलाइंस के विमानों का आना-जाना प्रतिबंधित है.