शनिवार, 03 मार्च, 2007 को 07:12 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के सशस्त्र बलों का कहना है कि उन्होंने परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम, सतह से सतह पर मार करने वाली कम दूरी की एक मिसाइल का सफल परीक्षण किया है.
परीक्षण के सफल होने पर पाकिस्तानी सेना ने कहा कि इससे स्पष्ट हो गया है कि तैयार की गई मिसाइल का 'डिज़ाइन' सही है. ये नहीं बताया गया है कि ये परीक्षण कहाँ किया गया.
ये हत्फ़-2 अबदाली बैलिस्टिक मिसाइल है जो 200 किलोमीटर की दूरी तक मार करने की क्षमता रखती है.
महत्वपूर्ण है कि भारत और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों की दिल्ली में हाल में हुआ बैठक में एक समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे जिसके तहत क्षेत्र में किसी ग़लतफ़हमी या दुर्घटना के कारण परमाणु युद्ध के ख़तरों को कम करने पर सहमति बनी थी.
ग़ौरतलब है कि पाकिस्तान ने पिछले सप्ताह ही एक लंबी दूरी की मिसाइल शाहीन-2 का परीक्षण किया था.
शाहीन-2 मिसाइल 2000 किलोमीटर तक मार करने की क्षमता रखती है.
उस मिसाइल का पिछले वर्ष फ़रवरी में परीक्षण किया गया था.
भारत और पाकिस्तान, दोनों ही देशों की ओर से पिछले दशकों में मिसाइल परीक्षण होते रहे हैं. इनमें से कई मिसाइलें परमाणु हमले करने में सक्षम हैं.