http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 03 मार्च, 2007 को 15:21 GMT तक के समाचार

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर

'सेना हटाने पर सैद्धांतिक सहमति है'

ऑल पार्टी हुर्रियत कॉंफ़्रेंस के उदारवादी गुट के नेता मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ ने कहा है कि विसैनीकरण के प्रस्ताव पर भारत और पाकिस्तान 'सैद्धांतिक रुप से सहमत' हो गए हैं.

फ़ारूक़ ने बीबीसी से कहा, "अब सिर्फ़ दोनों देशों के बीच ये तय करना है कि इस पर किस तरह अमल किया जाए."

उमर फ़ारूक़ कश्मीर मसले पर पिछले तीन वर्षों से भारत और पाकिस्तान सरकार के साथ अलग-अलग बातचीत कर रहे हैं.

उन्होंने इसी जनवरी में पाकिस्तान का दौरा किया है और उसके बाद से वो कश्मीर मामले का जल्दी समाधान निकलने की आशा व्यक्त कर रहे हैं.

फ़ारूक़ ने शनिवार को कहा कि दोनों देशों के बीच शांति वार्ता निर्णायक चरण में पहुँच गई है.

सैन्य वापसी

भारत सरकार स्पष्ट कर चुकी है कि जब तक चरमपंथी हिंसा नहीं रुकती, तब तक सेना नहीं हटाया जा सकता है.

लेकिन फ़ारूक़ का कहना है, "मैं आपको बता सकता हूँ कि भारत पाकिस्तान के साथ सेना कम करने के मुद्दे पर बात कर रहा है."

फ़ारूक़ के मुताबिक सेना में कटौती कश्मीर के दोनों तरफ़ से होगी और यह प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी.

चरमपंथियों के मुख्य संगठन यूनाईटेड जेहाद काउंसिल ने हाल ही में समयबद्ध संघर्षविराम के फ़ारूक़ के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था.