शुक्रवार, 02 मार्च, 2007 को 10:36 GMT तक के समाचार
अमरीका ने कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान में पिछले वर्ष अफ़ीम की रिकॉर्ड पैदावार हुई है.
नारकोटिक्स पर अमरीकी विदेश विभाग की वार्षिक रिपोर्ट में कहा गया है कि ड्रग का फलता-फूलता व्यापार तालेबान के ख़िलाफ़ जारी लड़ाई को भी नुकसान पहुँचा रहा है.
रिपोर्ट में यह चेतावनी भी दी गई है कि अफ़ग़ानिस्तान में अफ़ीम की बढ़ती पैदावार के कारण यूरोप और मध्य-पूर्व में हेरोईन की भरमार होने का ख़तरा है.
अमरीकी विदेश राज्य मंत्री अन्न पैटरसन ने कहा कि वर्ष 2006 में अफ़ीम की पैदावार में 25 प्रतिशत की वृद्धि ख़तरे की घंटी है.
ग़ौरतलब है कि अमरीका और ब्रिटेन पिछले चार वर्षों से अफ़ग़ानिस्तान में अफ़ीम की पैदावार को घटाने का प्रयास कर रहा है.
इसके बावजूद दुनिया में अफ़ीम व्यापार के 90 प्रतिशत हिस्से पर अफ़ग़ानिस्तान पर कब्जा है.
अमरीका ने हाल ही में अफ़ग़ान सरकार को 10 अरब डॉलर से अधिक की आर्थिक सहायता दी थी लेकिन इसका अधिककांश हिस्सा आय के वैकल्पिक स्रोत के बजाय सुरक्षा पर ख़र्च किया जाएगा.
रिपोर्ट में दक्षिण अमरीका के वामपंथी नेताओं जैसे कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज़ और बोलिविया के इवो मोरालिस की ड्रग का व्यापार रोकने के लिए पर्याप्त क़दम न उठाने पर निंदा की गई है.