गुरुवार, 01 मार्च, 2007 को 10:09 GMT तक के समाचार
क्वात्रोकी मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने गुरुवार को लोकसभा में कहा कि सरकार किसी भी मुद्दे पर बहस के लिए तैयार है.
भोजनावकाश के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी ने इस मुद्दे को उठाया.
इसका जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "हम किसी भी मुद्दे पर बहस के लिए तैयार हैं."
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "मेरा इरादा किसी भी सदस्य की भावनाओं को ठेस पहुँचाने का नहीं है."
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि सीबीआई को इस मामले में जाँच करने की पूरी आज़ादी होगी.
इससे पहले क्वात्रोकी के प्रत्यर्पण के मामले पर संसद में भारी हंगामा हुआ था जिसके कारण सदन की कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी.
मुख्य विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस मामले पर सदन के बाहर बयान देने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की आलोचना की.
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा के सदस्यों ने प्रधानमंत्री के उस बयान पर विरोध जताना शुरू किया जिसमें उन्होंने कहा था कि क्वात्रोकी के प्रत्यर्पण के सिलसिले में सरकार ने कुछ भी ग़लत नहीं किया है.
विरोध
भाजपा के नेता विजय कुमार मल्होत्रा का कहना था कि जब संसद में यह मामला उठाया गया हो, उस समय सदन से बाहर बयान देना ठीक नहीं है.
इसके जवाब में संसदीय कार्यमंत्री प्रियरंजन दासमुंशी ने कहा, "हमें क्वात्रोकी के प्रत्यर्पण समेत किसी भी मामले पर बहस कराने में कोई समस्या नहीं है."
इसके बावजूद विपक्षी सदस्य शांत नहीं हुए और भारी शोर-गुल के बीच लोकसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही स्थगित कर दी.
क्वात्रोकी बोफ़ोर्स घोटाले में अभियुक्त हैं. हाल में ही इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर अर्जेंटीना में उन्हें गिरफ़्तार किया गया था लेकिन पासपोर्ट ज़ब्त करने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया है.
हालाँकि पुलिस ने क्वात्रोकी को अर्जेंटीना छोड़ने की अनुमति नहीं दी है. इस बीच भारत से सीबीआई की एक टीम अर्जेंटीना रवाना हो चुकी है जो क्वात्रोकी के प्रत्यर्पण की कोशिश करेगी.