http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 26 फ़रवरी, 2007 को 06:07 GMT तक के समाचार

क्वात्रोकी मामले पर संसद में हंगामा

बोफ़ोर्स मामले के अभियुक्त इतालवी नागरिक ओत्तावियो क्वात्रोकी के मामले को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने संसद के दोनों सदनों में हंगामा किया और प्रश्नकाल नहीं चलने दिया.

एनडीए ने लोक सभा में लालू यादव के रेल बजट पेश किए जाने पर भारी हंगामा किया और राज्यसभा की कार्यवाही तो पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई.

दूसरी ओर सुप्रीम कोर्ट ने एक जनहित याचिका पर सीबीआई को निर्देश दिया है कि वह क्वात्रोकी मामले में एक सप्ताह में अपना पक्ष रखे.

लोक सभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी की अध्यक्षता में हुई एनडीए नेताओं की एक बैठक में संसद में क्वात्रोकी मामले को जोरशोर से उठाने का फ़ैसला किया गया.

इस बैठक की जानकारी देते हुए राज्यसभा में भाजपा की उप नेता सुषमा स्वराज ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा में प्रश्नकाल नहीं चलने दिया जाएगा.

लोक सभा में रेल बजट पेश किए जाने के सवाल पर स्वराज ने कहा कि एनडीए रेल मंत्री लालू प्रसाद को रेल बजट नहीं पढ़ने देगा.

स्वराज ने कहा कि क्वात्रोकी मुद्दे पर सरकार के स्पष्टीकरण तक विपक्ष का विरोध जारी रहेगा.

सुप्रीम कोर्ट का निर्देश

दूसरी ओर अजय अग्रवाल की जनहित याचिका पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई.

याचिका में कहा गया है कि क्वात्रोकी को इतने दिन पहले हिरासत में लिए जाने के बाद भी सीबीआई ने इस मामले को छुपाए रखा और वह मामले को दबा देना चाहती है.

अदालत ने इस पर सीबीआई से एक सप्ताह के अंदर अपना स्पष्टीकरण पेश करने का निर्देश दिया है.

दूसरी ओर क्वात्रोकी के प्रत्यार्पण की कोशिश करने के लिए सीबीआई की एक टीम अर्जेंटीना जा रही है. संभावना है कि यह टीम 28 फ़रवरी को रवाना होगी.

उल्लेखनीय है कि ओत्तावियो क्वात्रोकी को इंटरपोल के वारंट पर छह फ़रवरी को अर्जेंटीना की पुलिस ने हिरासत में ले लिया था.

लेकिन भारत और अर्जेंटीना के बीच प्रत्यर्पण संधि न होने के कारण क्वात्रोकी को भारत लाना आसान नहीं होगा.

हालांकि विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी ने कहा है कि इस मामले में जो भी नियम क़ानून हैं, उनके तहत क्वात्रोकी को भारत लाने की हर संभव कोशिश की जाएगी.