सोमवार, 26 फ़रवरी, 2007 को 09:41 GMT तक के समाचार
उत्तर प्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने विश्वासमत हासिल कर लिया है. विश्वासमत के दौरान केवल उन्हीं की पार्टी के लोग सदन में मौजूद थे.
बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस ने विधानसभा की कार्यवाही के बहिष्कार की पहले ही घोषणा कर दी थी.
साथ ही कांग्रेसी विधायकों ने सोमवार को अपने इस्तीफ़े पार्टी अध्यक्ष सोनिया गाँधी को भेज दिए हैं.
लखनऊ से पत्रकार शैलेद्र श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि भाजपा सदस्य सदन में गए और उन्होंने कार्यवाही के दौरान जमकर हंगामा किया जिसके कारण कार्यवाही लगभग 30 मिनट तक स्थगित करनी पड़ी.
लेकिन विश्वासमत से ठीक पहले भाजपा सदस्यों ने भी सदन से बहिर्गमन किया.
समाजवादी पार्टी के विधानसभा में नेता अंबिका चौधरी ने दावा किया कि मुलायम सरकार को 215 विधायकों ने समर्थन व्यक्त किया.
उत्तर प्रदेश में विपक्षी दल चाहते हैं कि मुलायम सरकार इस्तीफ़ा दे. लेकिन वो इस्तीफ़ा देने से पहले ही इनकार कर चुके हैं.
सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद उन्होंने कहा था कि वो 26 फ़रवरी को फिर बहुमत सिद्ध कर देंगे.
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के मामले में पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फ़ैसला दिया था और बसपा छोड़ कर नया दल बनाने वाले 13 विधायकों की सदस्यता समाप्त कर दी थी.
हालांकि सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद कांग्रेस मुलायम सरकार को बर्खास्त करने के लिए आवश्यक समर्थन नहीं जुटा पाई. इस बीच राज्य में चुनावों की घोषणा कर दी गई है.