http://www.bbcchindi.com

रविवार, 25 फ़रवरी, 2007 को 14:59 GMT तक के समाचार

हबीब बेरी
बंगलोर

राष्ट्रपति की सभा में ज़हर पिया

भारतीय राज्य कर्नाटक में राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की एक सभा में रोज़गार की माँग कर रहे चार युवकों ने ज़हर पी लिया.

राष्ट्रपति कलाम ग्रामीण विकास कार्यक्रम का उदघाटन करने वहाँ पहुँचे थे और वहाँ कोई दस हज़ार लोग मौजूद थे.

कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक केआर श्रीनिवासन ने बीबीसी को बताया कि चारों युवकों को कर्नाटक से छह सौ किलोमीटर दूर गुलबर्ग के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.

उनका कहना था कि चार युवकों ने राष्ट्रपति से मिलने का समय माँगा था लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने इससे इनकार कर दिया.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ज़हर पीने से पहले इन चारों युवकों ने पुलिस के ख़िलाफ़ नारे लगाए और नौकरी देने की माँग की.

पुलिस का कहना है कि इन युवकों ने टॉयलेट क्लीनर पी लिया था.

अधिकारियों का मानना है कि यह आत्महत्या से ज़्यादा अपनी ओर ध्यान आकर्षित करने की कोशिश थी.