http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 24 फ़रवरी, 2007 को 01:24 GMT तक के समाचार

शवों को सामूहिक रूप से दफ़नाया जाएगा

पानीपत के ज़िला प्रशासन के अनुसार समझौता एक्सप्रेस विस्फोट में जिन मृतकों की शिनाख़्त नहीं हो पाई है, उन्हें सामूहिक रूप से पानीपत में शनिवार को दफ़नाया जाएगा.

पानीपत के उपायुक्त राजीव रंजन ने स्पष्ट किया, " शवों को अलग-अलग ताबूतों में रखा जाएगा और फिर शनिवार दो बजे एक साथ ही मृतकों की अंत्येष्टि की जाएगी.''

उनका कहना था कि दोनो देशों की सरकारों के बीच उच्च स्तर पर इस बारे में सहमति बनी है.

यात्रियों के परिजनों का दर्द

उपायुक्त का कहना था कि शुक्रवार तक 24 ऐसे शव थे जिनकी पहचान नहीं हो पाई थी.

उन्होंने बताया कि कुछ और पाकिस्तानी नागरिक वाघा सीमा से अपने मृतक रिश्तेदारों की पहचान करने के लिए आ रहे हैं.

ग़ौरतलब है कि समझौता एक्सप्रेस में हुए धमाके के बाद दो रेल बोगियों में लगी आग के कारण 68 लोगों की मौत हो गई थी. इनमें से कई पाकिस्तानी नागरिक थे.

मृतकों के शवों को पानीपत के सिविल अस्पताल में रखा गया था. दूसरी ओर कई घायल लोगों को दिल्ली के सफ़दरजंग अस्पताल में ले जाया गया था.

पाकिस्तानी वायु सेना का गुरुवार को एक विमान दिल्ली में मेडिकल टीम के साथ पहुँचा था और देर रात ये विमान घायल पाकिस्तानी नागरिकों के लेकर पाकिस्तान रवाना हुआ.