गुरुवार, 22 फ़रवरी, 2007 को 18:32 GMT तक के समाचार
संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधियों और नेपाल सरकार ने इस बात पर गहरी चिंता जताई है कि माओवादी विद्रोही शिविरों से बाहर निकल रहे हैं.
संयुक्त राष्ट्र, नेपाल सरकार और माओवादियों के प्रतिनिधियों के बीच गुरुवार को काठमांडू में हुई त्रिपक्षीय बैठक में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (माओवादी) से अपील की गई वे अपने कैडरों को निर्धारित शिविरों में ही रहने के लिए कहें.
इस बीच गृह मंत्री कृष्ण प्रसाद सितौला ने सार्वजनिक अपील जारी करते हुए कहा है कि माओवादियों को शिविरों के बाहर अपनी गतिविधियाँ उजागर नहीं करनी चाहिए.
उन्होंने भारोसा दिलाया कि माओवादियों को शिविरों में जो भी दिक्क़तें हो रही हैं, उन्हें एक हफ़्ते के भीतर दुरूस्त कर दिया जाएगा.ट
ग़ौरतलब है कि दक्षिणी नेपाल के चितवन में सैंकड़ों माओवादी विद्रोही शिविरों से बाहर निकल कर दिन में आस-पास के इलाक़ों में मजदूरी पाने के लिए भटक रहे हैं.
अधिकारियों का कहना है कि माओवादी का स्वच्छंद घूमना शांति प्रक्रिया के लिए घातक साबित हो सकता है. वहीं, दूसरी ओर माओवादियों के कमांडर प्रभाकर ने बीबीसी को बताया कि विद्रोहियों को मजबूर होकर घर का पानी नहीं पिलाया जा रह है.