सोमवार, 19 फ़रवरी, 2007 को 10:24 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग ने समझौता एक्सप्रेस में सफ़र कर रहे पाकिस्तानी यात्रियों के रिश्तेदारों के लिए वीज़ा जारी करने का फ़ैसला किया है.
वहीं पाकिस्तान रेल के मुताबिक समझौता एक्सप्रेस की समयसारिणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
भारतीय उच्चायोग के प्रवक्ता संजय माथुर का कहना है कि लाहौर में इंडियन एयरलाइन के दफ़्तर में अस्थाई वीज़ा काउंटर शुरु किया गया है.
लोगों की सुविधा के लिए इस्लामाबाद में हेल्पलाइन नंबर भी शुरु किए गए हैं.
हेल्पलाइन नंबर
0092-512206950
0092-512206951-55
0092-3008508329
दिल्ली से अटारी जाने वाली समझौता एक्सप्रेस ट्रेन में रविवार देर रात पानीपत के पास विस्फोट हुआ था जिसमें कम से कम 66 लोग मारे गए हैं और अनेक घायल हुए हैं.
अधिकारियों ने कहा है कि ट्रेन से पाँच बम मिले हैं और कुछ डिटोनेटर भी बरामद किए गए हैं. इन बमों को लोगों के सामने ही निष्क्रिय किया गया.
उधर पाकिस्तान रेल ने कहा है कि समझौता एक्सप्रेस में सफ़र कर रहे यात्रियों के परिजनों को भारत ले जाने के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाएगी.
वहीं भारत से पाकिस्तान आ रही समझौता एक्सप्रेस के लाहौर पहुँचने का इंतज़ार किया जा रहा है. इसमें 553 पाकिस्तानी और 204 भारतीय सवार है.
जबकि पाकिस्तान से भारत जाने वाली ट्रेन में कुल 1120 यात्री सवार रहेंगे.