http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 17 फ़रवरी, 2007 को 11:54 GMT तक के समाचार

मणिपुर में एक उम्मीदवार का अपहरण

भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में हथियारबंद विद्रोहियों ने विधानसभा चुनाव में खड़े एक उम्मीदवार का अपहरण कर लिया है.

अधिकारियों का कहना है कि तामेनलांग ज़िले में नेशनलिस्ट सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ़ नगालैंड (एनएससीएन) के विद्रोहियों ने पहले कांगपुआनांग पामेई के आवास पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के हथियार छीन लिए और फिर उनका अपहरण कर लिया.

पामेई तामेनलांग सीट से एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में खड़े हैं. अधिकारियों का कहना है कि विद्रोही सुरक्षाकर्मी के हथियार भी ले गए. हालाँकि अभी तक एनएससीएन की ओर से इस पर कोई बयान नहीं आया है.

एनएससीएन पिछले 10 वर्षों से केंद्र सरकार के साथ बातचीत कर रहा है और भारतीय सुरक्षाकर्मियों के साथ उसका संघर्षविराम भी चल रहा है.

समर्थन

मणिपुर विधानसभा चुनावों में एनएससीएन यूनाइटेड नगा काउंसिल (यूएनसी) के कुछ उम्मीदवारों का समर्थन कर रहा है. जो चार ज़िलों तामेनलांग, उखरुल, सेनापति और चंदेल में अपना किस्मत आज़मा रहे हैं.

यूएनसी वृहद नगालैंड राज्य की एनएससीएन की मांग का समर्थन करता रहा है. एनएससीएन मणिपुर के नगा बहुल ज़िलों और नगालैंड को मिलाकर इस राज्य के गठन की मांग करता है.

मणिपुर के निवर्तमान मुख्यमंत्री इबोबी सिंह का कहना है कि एनएससीएन चाहता है कि यूएनसी के उम्मीदवार जीतें और इसलिए वह इन चार ज़िलों के अन्य उम्मीदवारों को धमकी दे रहा है.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उम्मीदवार के अपहरण को लेकर काफ़ी चिंतित है. क्योंकि रविवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तामेनलांग का दौरा कर रहे हैं. वे वहाँ एक रैली करने वाले हैं.

इबोबी सिंह ने कहा कि उम्मीदवारों को और सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी. मणिपुर विधानसभा के 48 सीटों के लिए मतदान आठ और 14 फरवरी को हुआ था. बाक़ी के 12 सीटों पर मतदान 23 फरवरी को होना है.