http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 16 फ़रवरी, 2007 को 05:37 GMT तक के समाचार

आतंकवाद पर चर्चा करेंगे करज़ई

अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई रोम पहुँच रहे हैं जहाँ वो इटली के प्रधानमंत्री रोमानो प्रोदी के साथ आंतकवाद पर चर्चा करेंगे.

अफ़ग़ानिस्तान में तैनात उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन यानी नैटो की सेना में दो हज़ार इतालवी सैनिक भी शामिल हैं.

हालाँकि रोमानो प्रोदी अब और सैनिक भेजने के पक्ष में नहीं है. दूसरी ओर अमरीका और नैटो के अन्य सदस्य देश तालेबान लड़ाकों की बढ़ती गतिविधियों के मद्देनज़र और सैनिक भेजने की ज़रूरत बता रहे हैं.

इटली की राजनीति में अफ़ग़ानिस्तान का मुद्दा काफी ज़ोर शोर से उठा है. वामपंथी और ग्रीन पार्टियाँ सेना वापस बुलाने की माँग कर रही है.

अप्रैल से पहले इटली की संसद को अफ़ग़ानिस्तान में तैनात सेना के लिए और धनराशि मंजूर करना है.

रोम स्थित बीबीसी संवाददाता का कहना है कि प्रोदी चर्चा के दौरान करज़ई को इस बात का भरोसा दिलाएँगे कि इटली अपनी सेना को अभी वापस नहीं बुलाएगा.

हालाँकि इतालवी सेना को दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान के हिंसाग्रस्त हेलमंद प्रांत में भेजने पर फिर से प्रोदी को विरोधों का सामना करना पड़ सकता है.