http://www.bbcchindi.com

मणिपुर में दूसरे चरण का मतदान ख़त्म

भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में दूसरे चरण का मतदान संपन्न हो गया है. मतदान अधिकारियों का कहना है कि करीब 99 फ़ीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.

दूसरे चरण में विधानसभा की 29 सीटों के लिए वोटिंग हुई. मणिपुर में विधानसभा की कुल 60 सीटें हैं और यहाँ तीन चरणों में मतदान हो रहा है.

पहले चरण का मतदान आठ फ़रवरी को हुआ था और 12 सीटों के लिए तीसरे चरण का मतदान 23 फ़रवरी को होगा.

पहले चरण के चुनाव में मुख्यमंत्री इबोबी सिंह, विधानसभा अध्यक्ष मणिरूद्दीन शेख और पूर्व वित्त मंत्री चुंगखोकई दुंगल के भाग्य का फ़ैसला हुआ था.

राज्य में कुल 308 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. मतगणना 27 फ़रवरी को होगी.

मणिपुर से जुड़े चुनावी तथ्य

कुल विधानसभा सीटें- 60
मतदाता- 1707562
मतदान केंद्र-2061
कुल उम्मीदवार- 308
मुख्य पार्टियाँ- कांग्रेस, राष्ट्रवादी काँग्रेस पार्टी, मणिपुर पीपल्स पार्टी