http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 14 फ़रवरी, 2007 को 09:48 GMT तक के समाचार

हथियारों से लदा जहाज़ पकड़ा गया

भारतीय तटरक्षक अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने तमिलनाडु के दक्षिणी समुद्री तट के पास एक जहाज़ को पकड़ा है जिसमें हथियार और गोला बारुद लदा हुआ था.

अधिकारियों का कहना है कि तटरक्षकों ने मंगलवार की रात एक जहाज़ को संदिग्ध अवस्था में देखा जिसके बाद उसे घेर लिया गया ताकि वो भाग न सके.

इस जहाज़ को ऐसे ढंका गया था ताकि वह देखने में मछली मारने वाले आम जहाज़ों की तरह दिखे.

इसमें श्रीलंका के तीन नागरिक और भारत के दो नागरिक थे जिन्हें हिरासत में ले लिया गया है.

अधिकारियों के अनुसार जहाज़ में से ऑटोमैटिक राइफल, पांच डिटोनेटर, विस्फोटक बंधा हुआ एक बेल्ट,भारी मात्रा में रसायन और एक सेटेलाइट फोन भी मिला है.

हिरासत में लिए गए पांचों लोगों से एकसाथ कई सुरक्षा एजेंसियां मिलजुलकर पूछताछ करेंगी.

अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए जहाज़ को कुड्डालोर भेज दिया जाएगा.

उनका कहना है कि जहाज़ से जो सामग्री पकड़ी गई है उसका इस्तेमाल बम बनाने में किया जा सकता था.

पकड़ा गया जहाज़ इस समय मद्रास बंदरगाह पर है और पत्रकारों को इस जहाज़ के पास ले जाया गया है.