बुधवार, 14 फ़रवरी, 2007 को 15:51 GMT तक के समाचार
भारत में केंद्रीय सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री अंबरीश ने कावेरी जल बंटवारे के मुद्दे पर कावेरी प्राधिकरण के फ़ैसले पर विरोध जताते हुए मंत्री पद और संसदीय सीट से इस्तीफ़ा दे दिया है.
अभिनेता से राजनेता बने अंबरीश कर्नाटक के मांड्या लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के सांसद हैं. यह इलाक़ा कावेरी डेल्टा के क्षेत्र में आता है. अंबरीश लगातार तीसरी बार मांड्या से चुनकर लोकसभा में पहुंचे हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार उनका कहना था, "मैंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ-साथ लोकसभा स्पीकर सोमनाथ चटर्जी को अपना इस्तीफ़ा भेज दिया है."
अंबरीश ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री और सोनिया गांधी को अलग से एक पत्र भी लिखा है जिसमें उन्होंने अपने इस्तीफ़े के कारण गिनाए हैं.
कुछ ही महीने पहले केंद्र सरकार में राज्य मंत्री बनाए गए अंबरीश कावेरी जल विवाद के निपटारे के लिए गठित कावेरी प्राधिकरण के फ़ैसले का विरोध कर रहे हैं.
अंबरीश ने कहा कि वो जल्दी ही कावेरी मुद्दे पर चल रहे आंदोलन में शामिल होने की अपनी रणनीति सार्वजनिक करेंगे.
कावेरी मुद्दे पर इस्तीफ़ा देने वाले अंबरीश दूसरे केंद्रीय मंत्री हैं. इससे पहले 1990 के दशक में पी वी नरसिम्हा राव सरकार में श्रम मंत्री (दिवंगत) वज़हापाडी राममूर्ति ने कावेरी प्राधिकरण के अंतरिम फ़ैसले के विरोध में इस्तीफ़ा दे दिया था.