http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 12 फ़रवरी, 2007 को 06:43 GMT तक के समाचार

तालेबान पर गेट्स और मुशर्रफ़ मिले

अमरीकी रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स ने पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ से इस्लामाबाद में बातचीत की है.

उन्होंने मुशर्रफ़ के साथ दोबारा सक्रिय हो रहे तालेबान का सामना करने की रणनीति पर चर्चा की.

इस मुलाक़ात के बाद गेट्स पाकिस्तान से रवाना हो गए हैं लेकिन मुलाक़ात का विवरण अभी नहीं दिया गया है.

अमरीकी अधिकारियों का कहना है कि अल क़ायदा के सदस्यों ने पाकिस्तान में सुरक्षित अड्डे बना लिए है ताकि वे अपने संगठन को दोबारा खड़ा कर सकें.

राष्ट्रपति मुशर्रफ़ ये मान चुके हैं कि सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों ने तालेबान को अफ़ग़ानिस्तान में जाने दिया था.

पाकिस्तान और अफ़गानिस्तान के बीच की सीमा लगभग सवा दो हज़ार किलोमीटर लंबी है और पहाड़ी इलाक़ा होने के कारण वहाँ गश्त लगाना काफ़ी मुश्किल है.

रक्षा मंत्री बनने के बाद रॉबर्ट गेट्स की ये पहली पाकिस्तान यात्रा है.

उधर अफ़ग़ानिस्तान की सरकार और नैटो सुरक्षा बल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था की आलोचना करते आए हैं और उन्होंने पाकिस्तान अनुरोध भी किया है कि वह सीमापार से घुसपैठ पर लगाम लगाने के कदम उठाए.

राष्ट्रपति मुशर्रफ़ की इसलिए भी आलोचना हो रही है क्योंकि उन्होंने उत्तरी और दक्षिणी वज़ीरिस्तान में क़बायली नेताओं के साथ समझौते किए हैं. आलोचकों का कहना है कि इससे इन इलाक़ो में तालेबान को पूरी आज़ादी मिल गई है.

राष्ट्रपति मुशर्रफ़ इन आरोपों का खंडन करते हुए कहते रहे हैं कि उनके देश को तालेबान के दोबारा सक्रिय होने पर 'बलि का बकरा' बनाया जा रहा है.