रविवार, 11 फ़रवरी, 2007 को 08:16 GMT तक के समाचार
भारत में अवैध तरीके से घुसने के आरोप में एक साल की सज़ा काट रहे ब्रितानी नागरिक ने रहम की अपील की है जिस पर सोमवार को सुनवाई होने वाली है.
ब्रिटेन के खानसामा 38 वर्षीय डैनियल रॉबिन्सन पर आरोप है कि वो चीन के रास्ते बिना दस्तावेज़ों के भारत आए हैं.
चार महीने पहले गिरफ्तार किए गए रॉबिन्सन को पिछले सप्ताह एक साल की सज़ा सुनाई गई थी जिसके बाद उन्होंने अपील की है कि उनकी सज़ा घटाई जाए.
रॉबिन्सन का कहना है कि वो चुनौतियां पसंद करने वाले व्यक्ति हैं जो सबसे छोटे रास्ते से अपनी बेटी से मिलने दिल्ली आ रहे थे.
उनकी बेटी दिल्ली में रहती है.
रॉबिन्सन को पिछले साल अक्तूबर महीने में उत्तरांचल के चमोली ज़िले में गिरफ्तार किया गया और एक साल की सज़ा के साथ साथ 25 हज़ार रुपए का ज़ुर्माना लगाया गया.
रॉबिन्सन पिछले एक साल चीन में यात्राएं कर चुके हैं.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रॉबिन्सन बिना वैध दस्तावेज़ों के भारत आए जो कि एक अपराध है.
उधर ब्रितानी विदेश मंत्रालय की एक प्रवक्ता ने कहा है कि वो भारत की न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं कर सकते लेकिन रॉबिन्सन के परिवारवालों से उनका संपर्क बना हुआ है.