http://www.bbcchindi.com

रविवार, 11 फ़रवरी, 2007 को 22:54 GMT तक के समाचार

'हमले के मकसद से विद्रोहियों की घुसपैठ'

अफ़ग़ानिस्तान के हेलमंद प्रांत के गवर्नर ने कहा है कि पाकिस्तान से लगभग 700 विद्रोही घुसपैठ करके अफ़ग़ानिस्तान की सीमा में आ पहुँचे हैं.

उन्होंने बताया कि यह घुसपैठिए एक बड़ी बाँध परियोजना पर हमला करने के मकसद से इस क्षेत्र में आए हैं.

यह परियोजना ब्रितानी सेना की देखरेख में है. ऐसे में अगर घुसपैठिए परियोजना को नुकसान पहुँचाने की कोशिश करते हैं तो उनका मुकाबला ब्रितानी सेना से हो सकता है.

हाजी असदुल्लाह वफ़ा ने कुछ सप्ताह पहले ही प्रांत के गवर्नर के रूप में ज़िम्मेदारी संभाली है. उन्होंने घुसपैठ पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि घुसपैठिए उनके क्षेत्र में लोगों में बीच पहुँच चुके हैं.

गवर्नर ने बताया कि इन तालेबान समर्थकों में कई अरब, चेचेन और पाकिस्तानी लोग भी शामिल हैं.

उधर हेलमंद में मौजूद ब्रितानी कार्यबल की ओर से कहा गया है कि उनके पास जो रिपोर्ट हैं उससे इस बात की पुष्टि होती है कि कुछ विद्रोही सानगिन क्षेत्र में पहुँच गए हैं.

सेना प्रवक्ता ने कहा कि इस जानकारी में कोई चौंकानेवाली बात नहीं है और अगर ज़रूरत पड़ी तो सही समय पर कार्रवाई की जा सकती है.

सानगिन मादक पदार्थों के व्यापार का केंद्र रहा है और पिछले वर्ष ब्रितानी सेना को इस क्षेत्र में सबसे तगड़ी लड़ाइयाँ करनी पड़ी थीं.