रविवार, 11 फ़रवरी, 2007 को 19:15 GMT तक के समाचार
राजधानी दिल्ली के मादीपुर इलाक़े में एक चार मंज़िला इमारत के ढह जाने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है और आठ लोग घायल हो गए हैं.
रविवार की शाम हुई इस दुर्घटना की जानकारी दिल्ली फ़ायर सर्विस के अधिकारियों ने दी है.
घटना के समय इस इमारत में क़रीब 20 लोगों के मौजूद होने की आशंका जताई जा रही है.
दिल्ली फ़ायर सर्विस के उप प्रमुख एके शर्मा ने बीबीसी को बताया, "इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गई है और इतने ही लोग घायल हो गए हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक दो और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है जिनकी तलाशी का काम चल रहा है."
हालांकि अभी तक इस घटना के पीछे के कारणों का साफ़तौर पर पता नहीं लगाया जा सका है.
माना जा रहा है कि पिछले दो दिनों से राजधानी में हो रही बारिश भी इस कमज़ोर इमारत के गिरने की एक वजह हो सकती है.
एके शर्मा ने बताया, "अभी तक घटना की वजहों के बारे में साफ़ तौर पर कुछ कहा नहीं जा सकता है. यह चार मंज़िला इमारत अवैध तरीके से बनी थी और उपरी मंज़िलों को गिराने के लिए नोटिस भी जारी किया गया था."
मादीपुर राजधानी के पिछड़े इलाकों में से एक है और यहाँ पर काफ़ी झुग्गियाँ बनी हुई हैं. इसी इलाके में यह चार मंज़िला इमारत बनी हुई थी.