शनिवार, 10 फ़रवरी, 2007 को 07:24 GMT तक के समाचार
संयुक्त राष्ट्र के उपमहासचिव के पद से इस्तीफ़ा देने के बाद शशि थरूर ने कहा है कि अब उन्हें अपने पेशे में नई चुनौतियों का इंतज़ार है.
इस्तीफ़ा देने के बाद उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव को अपनी नई टीम चुनने का पूरा हक़ है.
उल्लेखनीय है कि महासचिव पद की दौड़ में दूसरे नंबर पर रहे शशि थरूर को नए महासचिव बान की मून ने शुक्रवार को घोषित अपनी नई टीम में नहीं रखा है.
वे उपमहासचिव के रुप में संयुक्त राष्ट्र के संचार और जनसूचना विभाग के प्रमुख थे.
उनकी जगह जापान के राजनयिक कियोताका आसाताका तो नियुक्त किया गया है.
संयुक्त राष्ट्र में लंबे समय से कार्यरत शशि थरुर ने पहली जून 2002 से इस पर काम करना शुरु किया था.
बान की मून की नई टीम की घोषणा के बाद शशि थरूर ने इस्तीफा दे दिया है जिसे स्वीकार कर लिया गया है.
उन्होंने इसके बाद प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, "अपने पेशागत जीवन में मैं नई चुनौती का इंतज़ार कर रहा हूँ."
शशि थरुर लेखक भी हैं और उन्होंने कई महत्वपूर्ण किताबें लिखी हैं. महासचिव पद की दौड़ से बाहर होने के बाद उन्होंने कहा था कि उन्हें उनकी मेहनत का सही सिला नहीं मिला.