बुधवार, 07 फ़रवरी, 2007 को 12:00 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान में अमरीका के नेतृत्ववाली सेना का कहना है कि उसने पश्चिमी इलाक़े में अलक़ायदा के दो संदिग्ध चरमपंथियों को पकड़ा है.
अधिकारियों का कहना है कि इन संदिग्ध चरमपंथियों को हकीमाबाद शहर के पास पकड़ा गया.
इसके अलावा दो अफ़ग़ान नागरिकों को भी गिरफ़्तार किया गया है जिन पर चरमपंथी संगठनों से जुड़े होने का संदेह है.
इन संदिग्ध चरमपंथियों को ऐसे समय में गिरफ़्तार किया गया है जब तालेबान गतिविधियों में बढ़ोत्तरी की आशंकाएँ जताईं जा रही हैं.
उल्लेखनीय है कि पिछले साल तालेबानी हमलों में बहुत तेज़ी आ गई थी.
संयुक्त सेना के बयान में कहा गया है कि बुधवार को सुबह मिली सूचनाओं के आधार पर ये गिरफ़्तारियाँ की गई हैं.
ख़ुफ़िया विभाग के प्रमुख जॉन निग्रोपॉन्टे ने हाल ही में कहा था कि अलक़ायदा पाकिस्तान के किसी गोपनीय ठिकाने से मध्यपूर्व, उत्तरी अफ़्रीका और यूरोप में अपने नेटवर्क को मज़बूत करने में लगा हुआ है.
हालांकि पाकिस्तान ने इस बयान पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया था.
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच 2250 किलोमीटर की साझा सीमा है और इस पर गश्त करना बेहद कठिन होता है.
इसी सीमा के दोनों और अलक़ायदा और तालेबान की गतिविधियों की ख़बरें मिलती रहती हैं.