मंगलवार, 06 फ़रवरी, 2007 को 10:13 GMT तक के समाचार
भारत प्रशासित कश्मीर में एक अलगाववादी संगठन के बंद के आह्वान का असर दिख रहा है. बंद की अपील कथित फ़र्ज़ी मुठभेड़ों के विरोध में की गई है.
भारत प्रशासित कश्मीर में पिछले गुरुवार से ही विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं.
उस दिन फ़र्ज़ी मुठभेड़ के मामले की जाँच के लिए अब्दुल रहमान का शव क़ब्र से निकाला गया था.
उस घटना के बाद जाँच के लिए तीन और शवों को क़ब्र खोद कर बाहर निकाला जा चुका है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुरक्षा बलों ने इन लोगों की हत्या की है.
मंगलवार को बंद का आह्वान जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट यानी जेकेएलएफ ने किया है.
बंद के कारण श्रीनगर और दूसरे मुख्य शहरों में अधिकतर दुकानें बंद हैं. एहतियात के तौर पर सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई है.
सड़कों पर यातायात भी न के बराबर है.
मामले की जाँच
इस बीच कथित फ़र्ज़ी मुठभेड़ों के दौरान निर्दोष लोगों के मारे जाने में सेना की भूमिका की जाँच करने के आदेश दे दिए गए हैं.
सेना के प्रवक्ता ने पिछले दिनों बताया कि यह जाँच राज्य सरकार द्वारा की जा रही जाँच से अलग होगी.
प्रवक्ता का कहना था कि सेना ने कश्मीर घाटी के गांदरबल क्षेत्र में कथित फ़र्जी मुठभेड़ों की रिपोर्टों की जाँच के आदेश दिए है.