http://www.bbcchindi.com

रविवार, 04 फ़रवरी, 2007 को 11:56 GMT तक के समाचार

फ़र्ज़ी मुठभेड़ मामले की सेना करेगी जाँच

जम्मू और कश्मीर में सेना ने कहा है कि उसने फ़र्ज़ी मुठभेड़ों के दौरान निर्दोष लोगों के मारे जाने में सेना की कथित भूमिका की जाँच करने के आदेश दिए हैं.

सेना के प्रवक्ता ने कहा कि यह जाँच राज्य सरकार द्वारा की जा रही जाँच से अलग होगी.

प्रवक्ता का कहना था कि सेना ने कश्मीर घाटी के गांदरबल क्षेत्र में कथित फ़र्जी मुठभेड़ों की रिपोर्टों की जाँच के आदेश दिए है.

प्रवक्ता ने कहा, “यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ़ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.”

अभी तक फ़र्जी मुठभेड़ों और हिरासत में मौत की पाँच घटनाएँ प्रकाश में आई हैं और इनमें से चार में सेना के भी लिप्त होने का आरोप है.

राज्य पुलिस ने पहले ही एक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक समेत चार पुलिस अधिकारियों को गिरफ्तार किया है.

आरोप लगाया जा रहा था कि अब्दुल रहमान नाम के नागरिक के अपहरण और हत्या में ये अधिकारी शामिल थे.

खबरों के मुताबिक अब्दुल रहमान को इन अधिकारियों ने पाकिस्तानी चरमपंथी के रुप में पेश किया था.

इससे पहले राजधानी श्रीनगर से उत्तर में अजस शहर में हज़ारों लोगों प्रदर्शन किया और भारत विरोधी नारे लगाए.

राज्य की विशेष पुलिस टीम भी इस मामले की जाँच कर रही है. जाँच टीम ने अब तक कथित मुठभेड़ में मारे गए दो लोगों के शव क़ब्र से निकाले हैं.