रविवार, 04 फ़रवरी, 2007 को 13:15 GMT तक के समाचार
भारत के रक्षा मंत्री प्रणब मुखर्जी ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशरर्फ़ के इस बयान का स्वागत किया है कि कश्मीर मुद्दा सुलझाने में चरमपंथियों को शामिल नहीं किया जा सकता.
प्रणब मुखर्जी ने कहा कि सभी को चरमपंथियों से हिंसा छोड़ने के लिए कहना चाहिए.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक भारतीय रक्षा मंत्री ने नई दिल्ली में एक सम्मेलन में कहा," हर किसी को चरमपंथियों को मशवरा देना चाहिए कि वो हिंसा छोड़ दें और बातचीत में शामिल हों."
पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने दो दिन पहले कहा था कि जो लोग मानते हैं कि 'कश्मीर मुद्दे का एकमत्र हल बूंदूक से निकल सकता है' उन्हें इस मुद्दे को सुलझाने की प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जा सकता.
परवेज़ मुशर्रफ़ का कहना था, "जो लोग सोचते हैं कि चरमपंथ से समस्या सुलझ सकती है उन्हें हम पूरी प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बना सकते. "
भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी परवेज़ मुशर्रफ़ के बयान का स्वागत किया था.