http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 03 फ़रवरी, 2007 को 06:51 GMT तक के समाचार

राहुल गाँधी ने दो लोगों को नोटिस भेजा

काँग्रेस के सासंद राहुल गाँधी ने एक वेबसाइट पर चरित्र हनन का आरोप लगाते हुए अमरीका में दो लोगों को क़ानूनी नोटिस भेजा है.

राहुल गांधी की ओर से नोटिस उनके वकील और कांग्रेस के प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने भेजा है.

कथित रूप से वेबसाइट पर राहुल गांधी के चरित्र पर कीचड़ उछालते हुए कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं.

अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, ''आमतौर पर हम झूठे आरोपों को नज़रअंदाज़ कर देते हैं लेकिन इन दोनों ने सारी सीमाएं लांघ दी हैं. इसलिए ऐसे गंदे काम करनेवालों और अफ़वाह फैलानेवालों को सबक सिखाना ज़रूरी है."

सिंघवी ने बताया कि यह जानना मुश्किल था कि अमरीकी वेबसाइट पर आपत्तिजनक सामग्री किसने डाली लेकिन काफ़ी मशक्कत के बाद पता चला कि अमरीका में रहनेवाले दो व्यक्तियों ने ऐसा किया है.

सिंघवी के अनुसार दोनों लोगों का पोस्ट बॉक्स पता लगाने के बाद कूरियर से क़ानूनी नोटिस भेजे गए हैं.