शनिवार, 03 फ़रवरी, 2007 को 13:46 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान में सैनिक अधिकारियों ने कहा है कि पश्चिमोत्तर सीमा प्रांत के टांक शहर में शनिवार को एक आत्मघाती हमले में दो सैनिकों की मौत हो गई. हमले में हमलावर भी मारा गया.
हमले में छह अन्य सैनिक घायल भी हुए हैं. यह इलाक़ा अफ़ग़ान सीमा के निकट दक्षिणी वज़ीरिस्तान के क़बायली इलाक़े के नज़दीक पड़ता है.
ख़बरों में कहा गया है कि हमलावर ने विस्फोटकों से भरी अपनी कार एक सैनिक काफ़िले से टकरा दी जिसमें सैनिकों का एक वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
वो सैनिक काफ़िला दक्षिणी वज़ीरिस्तान की तरफ़ जा रहा था.
सैन्य अधिकारियों ने कहा है कि एक घायल की हालत गंभीर थी. स्थानीय अधिकारियों का कहना था कि हमलावर का शव घटनास्थल से बरामद हुआ है जिसके आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही थी.
हमले में जिस कार में विस्फोटक भर कर लाए गए थे, उसके परख़च्चे उड़ गए. सेना ने इलाक़े की घेराबंदी कर दी है.
पास में ही लक्की मारवाट क़स्बे में भी एक संदिग्ध चरमपंथी ने एक वीडियो और संगीत की दुकान के बाहर बम रखने की कोशिश की लेकिन बम वहीं फट गया और उसकी भी वहीं मौत हो गई.
उस बम विस्फोट में आसपास की अनेक दुकानों को नुक़सान पहुँचा है. किसी ने उस बम धमाके की ज़िम्मेदारी नहीं ली है लेकिन अतीत में तालेबान इस तरह की संगीत दुकानों को निशाना बनाते रहे हैं.
दक्षिणी वज़ीरिस्तान के बारे में कहा जाता है कि वहाँ अल क़ायदा और तालेबान के बहुत से सदस्य सक्रिय हैं.
पाकिस्तानी सेना ने साल 2003 के आख़िर में दक्षिण वज़ीरिस्तान में अल क़ायदा के ठिकानों के ख़िलाफ़ अभियान चलाया था तब से पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के क़रीब 700 जवान मारे जा चुके हैं.