शनिवार, 03 फ़रवरी, 2007 को 14:56 GMT तक के समाचार
भारत की वाणिज्यिक राजधानी मुंबई के निकट नवी मुंबई इलाक़े में शनिवार को एक इमारत की दीवार ढहने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए.
यह इमारत गोदाम के लिए निर्माणाधीन थी जब उसकी एक दीवार गिर गई.
घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस का कहना है कि घायल लोग ख़तरे से बाहर हैं.
नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त राम राव वाघ ने बीबीसी को बताया कि इमारत के निर्माण में जो मज़दूर काम कर रहे थे वे ग़रीब लोग थे और पास के बलधाना ज़िले से आते थे.
पुलिस आयुक्त ने कहा कि यह गोदाम इमारत बनाने वाले मालिक और ठेकेदार दोनों को गिरफ़्तार कर लिया गया है.
दोनों पर लापरवाही से मौत का कारण पैदा करने का आरोप लगाया गया है.
पुलिस आयुक्त वाघ ने बताया कि इस आरोप के तहत कम से कम सज़ा छह महीने और अधिकतम तीन साल है.
जानकारों का कहना है कि भारत में इस तरह के निर्माणाधीन स्थलों पर लोगों की मौत होना एक आम सी घटना हो गई है क्योंकि निर्माण करने वाले मालिक और ठेकेदार मज़दूरों की सुरक्षा का पूरा ख़याल नहीं रखते हैं.