http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 30 जनवरी, 2007 को 11:08 GMT तक के समाचार

शिया मस्जिद पर हमले के बाद कर्फ़्यू

पाकिस्तान में पश्चिमोत्तर सीमा प्रांत के हंगु शहर में मंगलवार को शियाओं की एक मस्जिद पर रॉकेट और मोर्टार से हमले के बाद कर्फ़्यू लगा दिया गया है.

इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए. ऐसी ख़बरें हैं कि मारे गए दोनों व्यक्ति अफ़ग़ान थे.

घायलों में अधिकतर पुलिसकर्मी बताए गए हैं.

इस हमले के बाद हंगु शहर में में सेना और अर्द्धसैनिक बल तैनात कर दिए गए हैं.

पाकिस्तान में गत शुक्रवार से अब तक शियाओं पर यह इस तरह का चौथा हमला है.

दुनिया भर में मुसलमानों ने मंगलवार को पैगंबर मोहम्मद के नवासे इमाम हुसैन की शहादत को याद किया.

कई हमले

पाकिस्तान का पश्चिमोत्तर सीमा प्रांत काफी संवेदनशील है और यहाँ हिंसक घटनाएँ होती रहती हैं.

हंगु शहर में ही 2006 में आत्मघाती बम हमले और उसके बाद भड़की हिंसा में 40 लोग मारे गए थे.

गत सोमवार को डेरा इस्माइल ख़ान में शियाओं के जुलूस पर हुए आत्मघाती हमले में तीन लोग मारे गए थे.

एक अन्य घटना में डेरा इस्माइल ख़ान के समीपवर्ती बन्नू शहर में शियाओं की एक मस्जिद पर हमले में 11 लोग घायल हो गए.

मुहर्रम के महीने में शिया और सुन्नी मुसलमानों के बीच जातीय हिंसा की आशंका के मद्देनज़र पाकिस्तान में सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया.