मंगलवार, 30 जनवरी, 2007 को 15:52 GMT तक के समाचार
भारत के राज्य असम में अलगाववादी संगठन अल्फ़ा ने कहा है कि वहाँ का मुख्य टीवी चैनल एनइटीवी संगठन के बारे में चलाई गई एक ख़बर को साबित करने के लिए सुबूत दे या फिर इलाक़ा छोड़कर चले जाए.
मंगलवार को अल्फ़ा ने एक बयान जारी कर कहा कि एनइटीवी की ख़बर में ऐसे संकेत दिए गए थे कि संगठन ने राज्य में कांग्रेस पार्टी से करीब
एक करोड़ पचास लाख रुपए लिए ताकि वहाँ राष्ट्रीय खेलों का आयोजन ठीक से हो सके.
अल्फ़ा ने कहा है कि या तो टीवी चैनल इस बारे में सुबूत दे या फिर वहाँ से अपना बिज़नस समेट ले.
असम में नौ से 18 फ़रवरी तक राष्ट्रीय खेल हो रहे हैं और पहले अल्फ़ा ने इन खेलों का बहिष्कार करने का आह्वान किया था.
एनइटीवी की रिपोर्ट में संकेत दिया गया था कि अल्फ़ा और कांग्रेस के एक वरिष्ठ मंत्री के बीच समझौता हुआ था और अल्फ़ा को पैसा दिया जा चुका है.
एनइटीवी के प्रबंधन ने अभी इस बारे में प्रतिक्रिया नहीं दी है लेकिन अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने राज्य में ज़्यादा सुरक्षा की माँग की है.
एनइटीवी असम का मुख्य टीवी चैनल है और इसके कार्यक्रम कई भाषाओं में प्रसारित होते हैं.
मनोरंजन सिंह इस चैनल की कर्ता धर्ता है और वे कांग्रेस नेता मटांग सिंह की पत्नी है. मटांग सिंह का संबंध बिहार से है लेकिव वे लंबे समय से असम में ही रहते हैं.
अल्फ़ा ने असम में हिंदी भाषी लोगों पर कई बार हमले किए हैं. ये हमले भारत सरकार और अल्फ़ा के बीच शांति वार्ता टूटने के बाद हुए हैं.