http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 29 जनवरी, 2007 को 11:13 GMT तक के समाचार

पंजाब में दो गुटों में हिंसक झड़प

पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले दो राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच भड़की हिंसा में एक व्यक्ति मारा गया है.

घटना अमृतसर के निकट स्थित ब्यास में हुई. पुलिस का कहना है कि राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी अकाली दल का एक जुलूस जैसे ही कांग्रेस कार्यालय के सामने से गुजरा, दोनों दलों के समर्थकों के बीच झड़प शुरू हो गई.

पुलिस ने बताया कि भीड़ में से किसी ने गोली चलाई जो अकाली दल के एक कार्यकर्ता को लगी. उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

फरवरी में विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी और अकाली दल - भारतीय जनता पार्टी गठबंधन के बीच तनाव बढ़ रहा है.

रविवार को एक अन्य घटना में एक निजी टेलीविज़न चैनल पर 'टॉक शो' के सीधे प्रसारण के दौरान ही कांग्रेस और भाजपा समर्थक एक दूसरे से भिड़ गए.

कार्यक्रम के दौरान मामला तब बिगड़ा जब कांग्रेस के नेता सुरिंदर सिंह सिंगला ने भाजपा नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू को 'कातिल' कह दिया.