भारत प्रशासित जम्मू-कशमीर के डोडा ज़िले की पहाड़ियों में चरमपंथियों से मुठभेड़ में कम से कम दो सैनिकों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. दोनों ओर से गोलीबारी अभी भी जारी है.
जम्मू में सेना के प्रवक्ता ने बताया कि कुछ बड़े चरमपंथियों के किद्रू की पहाड़ियों में छिपे होने की सूचना पर सेना और राज्य पुलिस के जवानों ने रविवार को पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर ली थी.
उन्होंने बताया कि इसके बाद जब सुरक्षा बल के जवान उनकी ओर बढ़ने लगे तो चरमपंथियों ने उनपर फायरिंग शुरू कर दी और इसके जवाब में सैनिकों ने भी फायरिंग की.
प्रवक्ता के अनुसार इस गोलीबारी में सेना के दो जवान मारे गए जबकि दो घायल हो गए. घायलों में राज्य पुलिस का एक जवान भी है. किसी चरमपंथी के मारे जाने की कोई ख़बर नहीं है.
उधर एक दूसरी घटना में रविवार की रात को डल हस्ती जल बिजली परियोजना के निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा ढहने से दो मज़दूर मारे गए और बारह घायल हो गए.
डोडा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायलों में तीन की हालत गंभीर है और उन्हें जम्मू के अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है.
सुरंग का मलबा हटाने का काम जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं और मज़दूर तो नहीं फँसे हैं.