सोमवार, 29 जनवरी, 2007 को 20:24 GMT तक के समाचार
पंजाब में पुलिस का कहना है कि अकाली दल के एक कार्यकर्ता की हत्या के आरोप में सत्ताधारी कांग्रेस के एक विधायक सहित नौ कार्यकर्ताओं के ख़िलाफ़ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है.
मजीठा ज़िले के पुलिस प्रमुख ने बीबीसी को बताया कि इनमें कांग्रेस विधायक जसबीर सिंह गिल उर्फ़ डिम्पा के अलावा उनके दो भाई भी शामिल हैं.
पंजाब में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यह घटना अमृतसर के निकट स्थित ब्यास में घटी है.
पुलिस का कहना है कि राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी अकाली दल का एक जुलूस जैसे ही कांग्रेस कार्यालय के सामने से गुजरा, दोनों दलों के समर्थकों के बीच झड़प शुरू हो गई.
पुलिस ने बताया कि भीड़ में से किसी ने गोली चलाई जो अकाली दल के एक कार्यकर्ता दिलबाग़ सिंह को लगी. उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
फरवरी में विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी और अकाली दल - भारतीय जनता पार्टी गठबंधन के बीच तनाव बढ़ रहा है.
रविवार को एक अन्य घटना में एक निजी टेलीविज़न चैनल पर 'टॉक शो' के सीधे प्रसारण के दौरान ही कांग्रेस और भाजपा समर्थक एक दूसरे से भिड़ गए.
कार्यक्रम के दौरान मामला तब बिगड़ा जब कांग्रेस के नेता सुरिंदर सिंह सिंगला ने भाजपा नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू को 'कातिल' कह दिया.