http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 29 जनवरी, 2007 को 13:57 GMT तक के समाचार

पाकिस्तान में हुए धमाके में तीन की मौत

पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर शहर डेरा इस्माईल ख़ान में हुए धमाके में कम से कम तीन लोग मारे गए हैं. पुलिस ने इसे आत्मघाती हमला बताया है.

पुलिस के मुताबिक़ धमाके में आत्मघाती हमलावर, एक पुलिसकर्मी और एक आम नागरिक मारा गया है. धमाके में कई लोग घायल भी हुए हैं.

अस्पताल के सूत्रों के अनुसार घायलों में दो की हालत गंभीर है. ज़िला पुलिस अधिकारी अब्दुल रशीद ने बताया कि आत्मघाती हमलावर एक 19 वर्ष का लड़का था.

उन्होंने बताया कि एक सुरक्षा चौकी पर जब इस युवक से अपनी शॉल हटाने को कहा गया तो उसने धमाका कर दिया. मुहर्रम क़रीब होने के कारण पाकिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है.

धमाके

मंगलवार को यौमे आशूरा है, जब शिया मुसलमान पैगंबर मोहम्मद के नाती इमाम हुसैन का शहादत दिवस मनाते हैं.

शुक्रवार से पाकिस्तान में तीन धमाके हो चुके हैं. इनमें से दो सूबा सरहद में हुए हैं. शुक्रवार को इस्लामाबाद में एक होटल के पास हुए संदिग्ध आत्मघाती हमले में दो लोग मारे गए थे.

जबकि शनिवार को पेशावर में एक मस्जिद के पास हुए धमाके में 15 लोग मारे गए थे जिनमें दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी शामिल थे.

पाकिस्तान के आंतरिक सुरक्षा मामलों के मंत्री आफ़ताब शेरपाओ का कहना है कि सरकार इन धमाकों की जाँच कर रही है और ज़िम्मेदार लोगों की तलाश की जा रही है.