http://www.bbcchindi.com

रविवार, 28 जनवरी, 2007 को 10:12 GMT तक के समाचार

पेशावर में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

पाकिस्तान के पेशावर शहर में शनिवार को हुए धमाके में मारे गए पुलिस अधिकारियों के अंतिम संस्कार के मौके पर करीब दो हज़ार लोग इकट्ठा हुए हैं.

इसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है.

शनिवार को पेशावर में एक मस्जिद के पास ज़ोरदार बम धमाका हुआ था जिसमें 14 लोग मारे गए थे और तीस से ज़्यादा घायल हुए थे.

उत्तर-पश्चिम सीमा प्रांत के मुख्यमंत्री अक्रम दुर्रानी ने सबसे शांति बनाए रखने की अपील की है. इस बात की आशंका जताई जा रही है कि इस धमाके के बाद जातीय हिंसा भड़क सकती है.

अक्रम दुर्रानी ने इस घटना की संयुक्त जाँच करवाने की घोषणा की है जिसमें प्रांतीय और केंद्रीय अधिकारी शामिल होंगे.

पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि शनिवार को हुए विस्फोट में हमलावरों ने पुलिसवालों को अपना निशाना बनाया था. ये पुलिसकर्मी शिया समुदाय के एक जुलूस के साथ तैनात किए गए थे.

जिस मस्जिद के पास धमाका हुआ था वहाँ मोहर्रम को देखते हुए कड़ी सुरक्षा चौकसी थी.

विस्फोट के एक दिन पहले यानी शुक्रवार को इस्लामाबाद में पाँच सितारा होटल मैरियट में भी बम विस्फोट हुआ था जिसमें एक सुरक्षा गार्ड और हमलावर मारे गए थे.