रविवार, 28 जनवरी, 2007 को 14:48 GMT तक के समाचार
भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम के डूमडुमा में हुए एक बम हमले में दो हिंदीभाषी व्यापारी और एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
पुलिस का कहना है कि यूनाइटेड लिबरेशन फ़्रंट ऑफ़ असम यानी अल्फ़ा के अलगाववादियों ने डूमडुमा के निकट एक ट्रक पर बम से हमला किया.
एक अन्य घटना में संदिग्ध अलगाववादियों ने उत्तरी असम के सोनारी कस्बे में एक असमी छात्र नेता की भी हत्या कर दी.
अल्फ़ा के तीन सशस्त्र अलगाववादियों ने हाल ही में सत्तारूढ़ पार्टी काँग्रेस के नेताओं को निशाना बनाया था और डिब्रूगढ़ ज़िले के तरानी सचानी ग्राम परिषद के प्रमुख चन्द्र चेतिया की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
अल्फ़ा का कहना है कि उसके ख़िलाफ़ जारी सैन्य अभियान ख़त्म होने तक इस तरह के हमले जारी रहेंगे.
पिछले वर्ष सितंबर में अल्फ़ा और केंद्र सरकार के बीच शांति वार्ता टूटने के बाद से ही राज्य में हिंसा में तेज़ी आई है.