शनिवार, 27 जनवरी, 2007 को 17:43 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के पेशावर शहर में शनिवार को एक मस्जिद के पास ज़ोरदार बम धमाका हुआ है जिसमें कम से कम 11 लोगों के मारे जाने और अनेक के घायल होने की ख़बरें हैं.
मारे गए लोगों में पुलिस के दो वरिष्ठ अधिकारी भी बताए गए हैं.
जिस मस्जिद के बाहर यह बम धमाका हुआ वह शिया मुसलमानों की बताई गई है.
मोहर्रम के मौक़े पर उस मस्जिद के आसपास कड़ी सुरक्षा चौकसी थी और विस्फोट के समय भी वहाँ अनेक पुलिसकर्मी मौजूद थे इसलिए बम धमाके की चपेट में आने वाले भी ज़्यादातर पुलिसकर्मी ही बताए गए हैं.
पुलिस अधिकारी अज़ीज़ ख़ान ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि जिस समय बम विस्फोट हुआ उस समय शिया मुसलमान कोई जुलूस निकालने की तैयारी कर रहे थे.
पाकिस्तान के आंतरिक सुरक्षा मंत्री आफ़ताब ख़ान शेरपाओ ने कहा है कि बम विस्फोट जहाँ हुआ वहाँ काफ़ी भीड़भाड़ रहती है.
एक दिन पहले ही यानी शुक्रवार को इस्लामाबाद में पाँच सितारा होटल मैरियट में भी बम विस्फोट हुआ था जिसमें एक सुरक्षा गार्ड और हमलावर मारे गए थे.