http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 26 जनवरी, 2007 को 13:13 GMT तक के समाचार

गणतंत्र दिवस की मिठाई से 92 बीमार

मध्य प्रदेश के मांडला ज़िले के ग्वारा गाँव में गणतंत्र दिवस के मौक़े पर बाँटी गई मिठाई खाने के बाद 92 लोग बीमार हो गए हैं. इनमें से तीस स्कूली छात्र हैं.

उनमें से 28 की तबीयत ज़्यादा बिगड़ गई और उन्हें ज़िला अस्पताल भेजना पड़ा.

पहले इन सभी को स्थानीय प्राथमिक स्वाथ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया था.

ज़िला प्रसासन ने पूरे मामले की जाँच के आदेश दे दिए हैं.

मांडला ज़िला राजधानी भोपाल से लगभग साढ़े चार सौ किलोमीटर दूर है.

मांडला ज़िला के कलेक्टर सुभाष जैन ने बीबीसी को बताया कि अब कई लोगों का स्वास्थ्य बेहतर हुआ है और कई लोगों को घर भेज दिया गया है.

प्रशासन का कहना था कि चावल से बनी कुछ मिठाई खाने के बाद ये लोग बीमार पड़े.

ऐसी जानकारी मिली है कि मिठाई सप्लाई करने वाले स्थानीय ठेकेदार ने खाने का सामान उस बस्ते में रखा था जिसमें पहले कुछ रसायन रखे गए थे.

गणतंत्र दिवस के मौक़े पर ये मिठाई ग्राम पंचायत ने ग्रामीण लोगों में बाँटी थी.